रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की वर्षों पुरानी राजस्व समस्याओं का त्वरित समाधान अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार को पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत सैलाना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार सीताराम बोलीवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग ने एक ऐसी कार्रवाई की, जिसने लंबे समय से लंबित बंटवारे के मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की।
शिविर के दौरान तहसीलदार सीताराम बोलीवाल, भू-अभिलेख निरीक्षक मनी निनामा तथा पटवारी नारायण लाल मीणा स्वयं संबंधित भूमि पर पहुंचे और वर्षों से लंबित बंटवारे की प्रक्रिया को मौके पर ही पूरा कराया। इससे ग्रामीणों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली और पारदर्शी तरीके से राजस्व कार्य संपन्न हुआ।
इस कार्रवाई से मंगला पुत्र नानिया निवासी पालियाखेड़ा, भैरा पुत्र नानिया, कालू पुत्र नानिया, देवा पुत्र भैरा निवासी बारी तथा धर्मा पुत्र भैरा सहित कई काश्तकारों को उनके अधिकारों का लाभ मिला।
ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल और राजस्व विभाग की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पहले जिन मामलों के समाधान में वर्षों लग जाते थे, वे अब शिविरों में ही तेजी से निपटाए जा रहे हैं। इससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार का उद्देश्य 'प्रशासन गांवों के संग' की भावना को साकार करते हुए आमजन को उनके गांव में ही सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सैलाना शिविर में राजस्व विभाग की त्वरित कार्रवाई इस दिशा में एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आई।
