रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
विद्यार्थियों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया मजबूत संदेश
झाड़ोल। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, झाड़ोल ने प्रेरणादायी पहल करते हुए विद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। वृक्षारोपण प्रभारी मन्नालाल भजात के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 100 से अधिक पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने केवल पौधे लगाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण का भी संकल्प लिया। साथ ही पिछले वर्षों में लगाए गए एवं सुरक्षित रखे गए वृक्षों की जानकारी भी साझा की गई, जिससे विद्यालय में विकसित हो रही हरित संस्कृति की झलक देखने को मिली।
अभियान को सफल बनाने में मनन द्विवेदी एवं ओमप्रकाश पंड्या ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश कुमार कोड़िया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "पेड़ लगाना ही नहीं, उन्हें जीवित रखना भी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।" उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी निरंतर देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का सशक्त संदेश बनकर सामने आया।
