आज झाड़ोल से गूंजेगी विकास की आवाज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे रात्रि चौपाल
Total Views : 170
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

बीड़ा में जुटेगा पूरा प्रशासन, आदिवासी अंचल के लिए बड़ी घोषणाओं की उम्मीद; शाम 6:45 बजे होगा मुख्यमंत्री का आगमन

उदयपुर/झाड़ोल। आज झाड़ोल का बीड़ा गांव प्रदेश की राजनीति और प्रशासन का केंद्र बनने जा रहा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 6:45 बजे बीड़ा पहुंचेंगे, जहां वे ऐतिहासिक रात्रि चौपाल में आमजन से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को आदिवासी अंचल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और क्षेत्रवासियों को कई बड़ी विकास घोषणाओं की उम्मीद है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन पर बालिकाओं द्वारा पारंपरिक स्वागत किया जाएगा तथा वालर नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी स्वागत उद्बोधन देंगे। मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करने के बाद महिला स्वयं सहायता समूहों, राजीविका लाभार्थियों, प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अलग-अलग चरणों में संवाद करेंगे। देर रात तक प्रस्तावित रात्रि चौपाल में स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री झाड़ोल में रात्रि विश्राम करेंगे तथा 2 अगस्त की सुबह हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।

आज सुबह से ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी बीड़ा में डेरा डाले हुए हैं। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का पूरा फोकस मुख्यमंत्री के दौरे को व्यवस्थित और सफल बनाने पर है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों की निगाहें आज होने वाली रात्रि चौपाल पर टिकी हैं, जहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और जनजातीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों और संभावित घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है।