एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर उदयपुर पहुंचे। उदयपुर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे पिछोला झील किनारे स्थित कालका माता नर्सरी पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधरोपण का संदेश भी दिया गया।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इसके बाद झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल पर केंद्रित रहेगा। वे हेलीकॉप्टर से बीड़ा पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे, विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी लेंगे तथा क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार रात्रि का विश्राम भी बीड़ा गांव में करेंगे।
रविवार को मुख्यमंत्री उदयपुर लौटने के बाद नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित "नशा मुक्त युवा अभियान" से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इसके बाद कैलाशपुरी पहुंचकर भगवान श्री एकलिंगजी के दर्शन करेंगे।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री राजसमंद जिले के कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। शाम को उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद उदयपुर संभाग एवं सिरोही जिले के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर रविवार शाम जयपुर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
