रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
संगठन ने अनुभव, संघर्ष और समर्पण पर जताया भरोसा, उदयपुर देहात सहित मेवाड़ में खुशी की लहर
झाड़ोल, 4 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी द्वारा सोमवार देर रात घोषित प्रदेश कार्यकारिणी में वरिष्ठ भाजपा नेता भंवर सिंह पंवार को भाजपा किसान मोर्चा, राजस्थान का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ पंवार अब प्रदेश स्तर पर किसान हितों और संगठन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।
भंवर सिंह पंवार लंबे समय से भाजपा संगठन के समर्पित, सक्रिय और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन ने उनके वर्षों के संघर्ष, निष्ठा और मजबूत जनाधार को सम्मान देते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को मेवाड़ ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
पंवार का संगठनात्मक सफर बेहद समृद्ध रहा है। वे मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, भाजपा देहात जिला मंत्री, जिला महामंत्री, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य जैसे अनेक महत्वपूर्ण दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। उनकी पुत्री ममता कुंवर भी निवर्तमान जिला प्रमुख रह चुकी हैं। संगठन और जनसेवा के इसी व्यापक अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर की यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा देहात जिला प्रवक्ता नीलम राज पुरोहित ने बताया कि जैसे ही भंवर सिंह पंवार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिली, उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। देर रात से ही फोन, सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भंवर सिंह पंवार की नियुक्ति से भाजपा किसान मोर्चा को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी और प्रदेश में किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में नई ऊर्जा मिलेगी। मेवाड़ क्षेत्र में भी इस निर्णय को भाजपा नेतृत्व के मजबूत विश्वास और अनुभवी नेतृत्व को मिले सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
