रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
राष्ट्रीय ग्रामीण जन विकास संस्थान की मासिक बैठक में हर गांव तक कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य, व्यावसायिक शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
कोल्यारी, झाड़ोल (उदयपुर)। राष्ट्रीय ग्रामीण जन विकास संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में आईटी सेंटर कोल्यारी में आयोजित मासिक बैठक में ग्रामीण विकास, व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार सृजन को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति बनाई गई। बैठक में उदयपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संस्थान द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उदयपुर जिला कोऑर्डिनेटर राजेंद्र कुमार मेघवाल एवं सुरेश कुमार शर्मा ने संस्थान की आठ प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा बेरोजगारी को कम करना है।
जिला कोऑर्डिनेटर राजेंद्र कुमार मेघवाल ने कहा कि संस्थान महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, कौशल विकास और महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी लगातार कार्य कर रहा है। सैनिटरी पैड जागरूकता अभियान सहित कई सामाजिक योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उदयपुर जिले में संस्थान के लगभग 90 कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में हर गांव में संस्थान का एक कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में फलासिया ब्लॉक सुपरवाइजर सुगना कुंवर राजपूत, धीराराम, रमेश, कैलाश देवी, चंपालाल, समर्थ सिंह, अनिल, नर्मदा सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र के कार्यों की जानकारी साझा की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक की जानकारी फलासिया ब्लॉक अधिकारी सुगना कुंवर राजपूत ने दी।
