रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
मासिक ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, पुराने पंचायत भवन में पुस्तकालय खोलने की तैयारी
फलासिया। पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा में आयोजित मासिक ग्राम सभा में शिक्षा और ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ा निर्णय लिया गया। वीबी-रामजी योजना के अंतर्गत राजकीय ग्रामीण पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। ग्राम सभा ने पुराने ग्राम पंचायत भवन को पुस्तकालय के लिए चिन्हित करते हुए प्रस्ताव विकास अधिकारी के माध्यम से अग्रिम स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया।
ग्राम पंचायत द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में केवल पुस्तकालय ही नहीं, बल्कि अमृत पोषण वाटिका, ग्रामीण हाट बाजार, अमृत संजीवनी पार्क एवं कांजी हाउस (पशु केंद्र) की स्थापना का भी प्रस्ताव शामिल किया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण रोजगार और पशुधन प्रबंधन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की मांग लाई रंग
राजकीय ग्रामीण पुस्तकालय की मांग लंबे समय से ग्रामीण युवा कर रहे थे। कुछ समय पूर्व गांव के युवाओं ने 100 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन ग्राम पंचायत प्रशासन को सौंपकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं अध्ययनरत युवाओं के हित में पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की थी।
अब ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे विकास अधिकारी के माध्यम से संबंधित विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही पुराने पंचायत भवन में राजकीय ग्रामीण पुस्तकालय की स्थापना का रास्ता साफ हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
