सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर दहशत फैलाने वाला कोबरा गैंग का मुख्य ऑपरेटर गिरफ्तार
Total Views : 502
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट अपलोड कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने के मामले में झाड़ोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा किंग गैंग के मुख्य ऑपरेटर प्रवीण उर्फ कोबरा और उसके साथी चुन्नीलाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे तीन गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई से सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।


 जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय आपराधिक प्रवृत्ति के गैंगों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक बुधाराम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर निगरानी शुरू की।


हथियारों के साथ वीडियो डालकर पैदा कर रहा था भय


थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई से मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय प्रवीण उर्फ कोबरा पुत्र राजमल, जाति पारगी, निवासी चतरपुरा थाना झाड़ोल, को सोशल मीडिया पर अवैध धारदार हथियारों के साथ आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो अपलोड करने के मामले में डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसे शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके साथी 19 वर्षीय चुन्नीलाल पुत्र केशुलाल, जाति खराड़ी, निवासी चतरपुरा थाना झाड़ोल को भी गिरफ्तार किया गया।


थानाधिकारी के मुताबिक प्रवीण उर्फ कोबरा सोशल मीडिया पर अवैध धारदार हथियारों के साथ आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड कर आमजन में भय का माहौल पैदा करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।


तीन पुराने गिरफ्तारी वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़े


इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे तीन गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें मांगीलाल पुत्र चतरा, जाति पारगी, निवासी खरड़िया, सामू उर्फ सरदारा पुत्र चतरा, जाति पारगी, निवासी खरड़िया तथा पुनकी पत्नी सामिया, जाति पारगी, निवासी खरड़िया, सभी थाना झाड़ोल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय झाड़ोल में पेश किया।


पुलिस टीम ने लगातार रखी सोशल मीडिया पर नजर


पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक बुधाराम के नेतृत्व में गठित टीम की भूमिका रही। टीम में सतीश कुमार एएसआई, महेश कुमार कांस्टेबल नंबर 3201, ओमप्रकाश कांस्टेबल नंबर 1173, जितेन्द्र कांस्टेबल नंबर 3359 तथा महिला कांस्टेबल तारा मीणा नंबर 2198 शामिल रहे।


पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय पैदा करने वाली गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले लोगों पर निगरानी जारी रहेगी।