रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट उदयपुर की ओर से समाजसेवा एवं उत्कृष्ट व्यवहार के लिए उदयलाल वेद का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान और समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें उपरणा ओढ़ाया गया तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट के संस्थापक दिनेश माली के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उदयलाल वेद के सामाजिक कार्यों, मिलनसार व्यवहार तथा समाज के लोगों के साथ सहयोगात्मक भावना को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास में ऐसे लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, जो सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग रहते हुए जरूरत के समय समाज के साथ खड़े रहते हैं।
सम्मान समारोह में प्रदेश महिला अध्यक्ष मणीबेन पटेल, प्रवक्ता नरेश पूर्बिया, अशोक मेवाड़ा, बाल कृष्ण सुहालका, पूजा टेलर एवं शर्मिला माली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उदयलाल वेद को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और समाजहित में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान न केवल उनके योगदान का सम्मान है, बल्कि इससे अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट की ओर से सामाजिक हितों से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा समाज के लोगों को एकजुट कर जनहित एवं समाजहित के प्रयासों को मजबूत करने की बात कही गई। सम्मान समारोह में आत्मीय वातावरण रहा और उपस्थित लोगों ने उदयलाल वेद का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
