युवाओं को व्यावसायिक बकरी पालन का प्रशिक्षण, स्वरोजगार से जुड़ने पर जोर
Total Views : 30
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, उदयपुर

उदयपुर। कृषि विज्ञान केंद्र, बड़गांव, उदयपुर में माकइनुप-आर्या परियोजना के तहत ग्रामीण युवाओं के लिए सात दिवसीय संस्थागत व्यावसायिक बकरी पालन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन की जानकारी देकर उन्हें कौशल विकास एवं स्वरोजगार से जोड़ना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आदिवासी क्षेत्र के लिए उपयुक्त बकरी नस्लों, आवास एवं आहार प्रबंधन, नस्ल सुधार, टीकाकरण, कृमिनाशक तथा बकरी पालन में होने वाली प्रमुख बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं संस्था प्रमुख डॉ. पी.सी. भटनागर ने कहा कि वर्तमान समय में युवा बकरी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाकर स्वरोजगार स्थापित कर अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को बकरी पालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं तथा ऋण प्राप्त करने के लिए प्रोजेक्ट प्रपोजल तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।

परियोजना के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार जैन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को बकरी पालन के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. जीवन राम जाट ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को कृषि एवं पशुपालन आधारित व्यवसायों की ओर आकर्षित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया।