NP NEWS 24 की खबर का बड़ा असर 2 महीने बाद चालू हुआ हेडपम्प, मासूमों की प्यास बुझी
Total Views : 190
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

NP NEWS 24 की खबर से हरकत में आया जलदाय विभाग, अब खुले कुएं पर नहीं जाना पड़ेगा 60 बच्चों और 20 परिवारों को

झाड़ोल। पत्रकारिता का दायित्व निभाते हुए NP NEWS 24 द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित "2 महीने से प्यासे मासूम: जलदाय विभाग की लापरवाही ने बच्चों की जान को डाला खतरे में" खबर का आखिरकार बड़ा असर हुआ। खबर प्रकाशित होने के बाद जलदाय विभाग हरकत में आया और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कालीघार का पिछले दो महीने से बंद पड़ा हेडपम्प आखिरकार चालू कर दिया गया। इसके साथ ही करीब 60 छात्र-छात्राओं और आसपास के 20 परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

अब मासूम बच्चों को अपनी प्यास बुझाने के लिए खुले कुएं तक नहीं जाना पड़ेगा। विद्यालय परिसर में ही पेयजल की सुविधा बहाल होने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

दो महीने तक केवल आश्वासन, खबर छपते ही हुई कार्रवाई

विद्यालय का एकमात्र हेडपम्प पिछले दो महीनों से खराब था। इस कारण बच्चे खुले कुएं से पानी पीने को मजबूर थे। विद्यालय परिवार ने कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इस गंभीर मुद्दे को NP NEWS 24 ने प्रमुखता से उठाया और जिम्मेदार अधिकारियों से लगातार जवाब मांगा।

खबर प्रकाशित होने के बाद जलदाय विभाग ने तत्काल मिस्त्री भेजकर हेडपम्प की मरम्मत कराई और पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी।

विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने जताया आभार

हेडपम्प चालू होने पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों ने NP NEWS 24 का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह मुद्दा प्रमुखता से नहीं उठाया जाता तो शायद समस्या और लंबी खिंचती। ग्रामीणों ने कहा कि मीडिया ने बच्चों की आवाज बनकर प्रशासन को जगाने का काम किया।

अब सुरक्षित रहेगा बच्चों का भविष्य

हेडपम्प शुरू होने से अब विद्यार्थियों को खुले कुएं पर जाकर पानी नहीं भरना पड़ेगा। इससे किसी संभावित दुर्घटना की आशंका भी समाप्त हो गई है और विद्यालय में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

बड़ी बात

जिस खबर ने प्रशासन को जगाया, उसी खबर ने 60 मासूमों की प्यास बुझाई। यह केवल हेडपम्प चालू होने की खबर नहीं, बल्कि जनहित की पत्रकारिता की जीत और जिम्मेदार व्यवस्था की याद दिलाने वाली मिसाल है।