एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
उदयपुर के बिडा की रात्रि चौपाल में ऐतिहासिक सफलता: प्रगतिशील किसान प्रेमचंद बने राज्यस्तरीय 'ब्रांड एंबेसडर' एवं 'मास्टर ट्रेनर'
Total Views :
172
| उदयपुर/फलासिया। राजस्थान सरकार के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं माननीय मुख्य सचिव की दूरदर्शी पहलों और प्राथमिकताओं के अनुपालन में उदयपुर जिले के फलासिया क्षेत्र के ग्राम बिडा (झाड़ोल) में भव्य एवं ऐतिहासिक रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस रात्रि चौपाल के दौरान क्षेत्र के कर्मठ एवं प्रगतिशील किसान प्रेमचंद को संपूर्ण राजस्थान राज्य के लिए प्राकृतिक खेती का 'ब्रांड एंबेसडर' तथा राज्यस्तरीय 'मास्टर ट्रेनर' मनोनीत किया गया। रात्रि चौपाल के दौरान प्रेमचंद ने मुख्यमंत्री एवं उपस्थित अधिकारियों के समक्ष अपने वर्षों के अनुभव पर आधारित प्राकृतिक खेती मॉडल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने जीवामृत, घनजीवामृत एवं बीजामृत जैसे प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के बिना खेती करने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा उत्पादन लागत कम कर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने का मॉडल प्रस्तुत किया। प्रस्तुतीकरण से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए उन्हें राज्य का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। प्रेमचंद ने बताया कि वे फलासिया तहसील की ग्राम पंचायत देवड़ावास के गांव जालमपुरा के साधारण किसान परिवार से हैं। वर्ष 1995 में उनकी वार्षिक आय लगभग 12 हजार रुपये थी, जो प्राकृतिक खेती अपनाने के बाद बढ़कर 12 से 13 लाख रुपये वार्षिक हो गई है। राज्य सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए उन्हें 11 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय तथा आधिकारिक यात्रा भत्ता (TA/DA) भी प्रदान किया जाएगा। प्रस्तुति के अनुसार फलासिया ब्लॉक में 5 बीआरसी (Block Resource Centre) तथा झाड़ोल ब्लॉक में 3 बीआरसी संचालित किए जा रहे हैं, जहां किसानों को प्राकृतिक उर्वरक एवं कीट नियंत्रण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत प्रेमचंद ने सैकड़ों किसानों और कृषि सखियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया है, जिससे प्रशिक्षित कृषि सखियां गांव-गांव जाकर अन्य किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दे रही हैं। प्रेमचंद ने अपनी सफलता का श्रेय कृषि विभाग के अधिकारियों को देते हुए संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्री सुधीर कुमार वर्मा, पूर्व सहायक निदेशक श्री श्याम लाल सालवी तथा सहायक निदेशक डिपी सिंह, राम किशोर मीणा, शिवदयाल मीणा सहित कृषि विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के मार्गदर्शन, विश्वास और निरंतर प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। प्रेमचंद कपाया को कृषि विभाग की ओर से BRC केंद्र चलाने के लिए ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस केंद्र के जरिए क्षेत्र के किसानों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही विभाग के सहयोग से उनके खेत में जल संरक्षण के लिए फार्म पॉण्ड (तालाब) का निर्माण कराया गया है और सिंचाई के लिए सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है। सोलर प्लांट और फार्म पॉण्ड की मदद से अब बिना बिजली-डीजल खर्च के खेती की जा रही है। प्रेमचंद का यह फार्म अब क्षेत्र के किसानों के लिए एक मॉडल बन चुका है। बिडा गांव में आयोजित मुख्यमंत्री चौपाल में सफल प्रस्तुतीकरण और राज्यस्तरीय ब्रांड एंबेसडर मनोनीत होने पर फलासिया, झाड़ोल एवं पूरे उदयपुर जिले में खुशी का माहौल है। फलासिया फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPO) के सीईओ सुंदर सिंह गरासिया, जनप्रतिनिधियों तथा किसान समुदाय ने प्रेमचंद एवं कृषि विभाग की टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी। |
