झाड़ोल विधानसभा को 21 सड़क कार्यों की सौगात, 11.96 करोड़ से 47.63 किमी सड़कें होंगी मजबूत; उदयपुर जिले में 79.58 करोड़ के 151 कार्य स्वीकृत
Total Views : 264
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क

झाड़ोल सहित जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में मिसिंग लिंक और नॉन-पैचेबल सड़कों के निर्माण को मंजूरी, ग्रामीण-शहरी संपर्क होगा और मजबूत

उदयपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के तहत मिसिंग लिंक एवं नॉन-पैचेबल सड़कों के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसका सबसे बड़ा लाभ उदयपुर जिले की झाड़ोल विधानसभा सहित सातों विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा। झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में 21 सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिन पर 11.96 करोड़ रुपये की लागत से 47.63 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा। इनमें 4 मिसिंग लिंक तथा 17 नॉन-पैचेबल सड़क कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में वर्षों से अधूरे सड़क संपर्क पूरे होंगे तथा जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण से आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

इसी क्रम में पूरे उदयपुर जिले को 79.58 करोड़ रुपये की लागत से कुल 151 सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के माध्यम से जिले में 247.94 किलोमीटर सड़क नेटवर्क को विकसित एवं मजबूत किया जाएगा। स्वीकृत कार्यों में 68 मिसिंग लिंक तथा 83 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर को गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क से जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बजट घोषणा के अनुरूप सड़क निर्माण कार्यों को तेजी से स्वीकृति दी जा रही है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अभिनंदन कुमार जैन एवं अचल गुप्ता ने बताया कि उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में 42 सड़क कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 28 मिसिंग लिंक एवं 14 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन पर 11.49 करोड़ रुपये खर्च होंगे तथा 17.66 किलोमीटर सड़क नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 16 सड़क कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें 3 मिसिंग लिंक एवं 13 नॉन-पैचेबल सड़क कार्य शामिल हैं। इन पर 12.04 करोड़ रुपये की लागत से 35.50 किलोमीटर सड़क नेटवर्क मजबूत किया जाएगा।

खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 14 सड़क कार्यों को मंजूरी मिली है। इनमें 5 मिसिंग लिंक एवं 9 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन पर 10.08 करोड़ रुपये खर्च कर 38.25 किलोमीटर सड़क नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में 23 सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें 8 मिसिंग लिंक तथा 15 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर 11.95 करोड़ रुपये की लागत से 40.70 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का विकास किया जाएगा।

मावली विधानसभा क्षेत्र में 17 सड़क कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 8 मिसिंग लिंक एवं 9 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन पर 10.09 करोड़ रुपये की लागत से 27.75 किलोमीटर सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण होगा।

गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में 18 सड़क कार्यों को मंजूरी मिली है। इनमें 4 मिसिंग लिंक तथा 14 नॉन-पैचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर 11.97 करोड़ रुपये खर्च कर 40.45 किलोमीटर सड़क नेटवर्क को विकसित किया जाएगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इन स्वीकृत कार्यों से उदयपुर जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ जिले के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।